Reliance Industries Limited : देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज में नेतृत्व का अगला ढांचा अब साफ आकार लेता दिख रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 49वीं वार्षिक आम बैठक में चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश डी. अंबानी ने कहा कि कंपनी में दैनिक प्रबंधन का पीढ़ीगत हस्तांतरण लगभग पूरा हो चुका है। मुकेश अंबानी ने कहा कि ईशा, आकाश और अनंत ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड में 3 वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि ईशा कंज्यूमर बिजनेस का नेतृत्व कर रही हैं, आकाश टेक्नोलॉजी बिजनेस को लीड कर रहे हैं और अनंत एनर्जी बिजनेस की कमान संभाल रहे हैं।
मुकेश अंबानी ने कहा, “ईशा, आकाश और अनंत अलग-अलग बिजनेस वर्टिकल्स का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन वे रिलायंस इकोसिस्टम के समग्र विकास के लिए, साथ-साथ काम कर रहे हैं। वे तीन शरीर, एक आत्मा हैं। उनकी आत्मा रिलायंस है। एक अकेली, अविभाज्य रिलायंस, आज भी और हमेशा।
यह बयान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि रिलायंस में उत्तराधिकार का प्रश्न लंबे समय से निवेशकों, बाजार और उद्योग जगत की नजर में रहा है। एजीएम में मुकेश अंबानी ने इसे केवल परिवार के नेतृत्व परिवर्तन के रूप में नहीं, बल्कि रिलायंस को लंबे समय तक मजबूत संस्था बनाए रखने की प्रक्रिया के रूप में रखा।