Trump Threatens Iran Again: स्विटजरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच हुई अहम बातचीत के बाद एक बार फिर तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। बातचीत के पहले दौर के खत्म होने के महज एक दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को नई चेतावनी दे दी है। ट्रंप ने साफ कहा है कि अगर तेहरान समझौते का पालन नहीं करता है तो अमेरिका कड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
स्विटजरलैंड के बर्गेनस्टॉक में रविवार को अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता का पहला दौर संपन्न हुआ। यह बैठक हाल ही में दोनों देशों के बीच हुए अंतरिम समझौते के तहत आयोजित की गई थी। हालांकि वार्ता शुरू होने से पहले ही माहौल तनावपूर्ण हो गया था। दरअसल, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी, जिसके बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल कुछ समय के लिए वार्ता स्थल से उठकर चला गया था।
ट्रंप ने सोमवार को एक बार फिर तेहरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान समझौते पर कायम नहीं रहता या सही तरीके से व्यवहार नहीं करता, तो अमेरिका वही करेगा जो उसे करना होगा। ट्रंप के इस बयान ने एक बार फिर दोनों देशों के बीच भविष्य की बातचीत को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के बीच एक अंतरिम समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे। इसी समझौते के तहत दोनों देशों के प्रतिनिधि स्विटजरलैंड में आमने-सामने बैठे।