विश्वकप क्रिकेट का हो या फुटबॉल का उसके स्टार खिलाड़ियों का प्रदर्शन दुनिया भर के फैंस की निगाहों में होता है। क्रिकेट में कोहली, रबाड़ा, हेड, फिलिप्स पर निगाहें रहती है तो फुटबॉल विश्वकप में लियोनेल मेस्सी, एर्लिंग हालैंड , हैरी केन, क्रिश्चियानो रोनाल्डो, काइलीन एम्बाप्पे पर निगाहें रहती है।
अभी तक के FIFA World Cup मैचों पर निगाहें डाले जिसमें अर्जेंटीना नॉर्वे इंग्लैंड और फ्रांस ने हिस्सा लिया है तो सभी सितारों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सोमवार को स्टार लियोनेल मेसी एक पेनल्टी चूके लेकिन उनके रिकॉर्ड दो गोलों की मदद से पिछले चैम्पियन अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को फुटबॉल विश्व कप के ग्रुप जे मैच में 2-0 से हराकर नॉक आउट दौर में प्रवेश कर लिया।उन्होंने वापसी करते 38 वें मिनट में गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी, मेसी ने फिर मैच के इंजरी समय के पांचवें मिनट में दूसरा बेहतरीन गोल दागकर जीत पक्की कर दी। इससे पहले अलजीरिया के खिलाफ उन्होंने हैट्रिक लगाकर अर्जेंटीना को शानदार जीत दिलाई थी।
वैसे ही नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड ने पहले इराक और सेनेगल पर गोल करके अपनी टीम को लगभग अकेले दम पर जीत दिलाई। फ्रांस के एम्बापे ने भी सेनेगल से अकेले लोहा लिया और उलटफेर टाल कर जीत दिलाई और इराक को धराशाही किया। वहीं हैरी केन की बदौलत इंग्लैंड क्रोएशिया पर जीत दर्ज कर पाया।
सितारों की इस दौड़ में सबसे पीछे रह गए पुर्तगाल के क्रिश्चियानो रोनाल्डो। जिनका ज्यादातर मौकों पर तुलना लियोनेल मेस्सी से होती है। लेकिन फिलहाल वह हैरी केन, हालैंड और एम्बाप्पे से भी पीछे हैं। ब्राजील के नेमार भी कम से कम अपनी टीम के लिए फिट हो गए हैं। वहीं रोनाल्डो के हाल बेहाल है और उनकी टीम पुर्तगाल के भी।