बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान एक बार फिर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आमिर खान 61 साल की उम्र में 5 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ तीसरी शादी करने जा रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया और इंटरनेट पर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में आमिर खान ने खुद अपनी शादी की खबरों की पुष्टि की है और इसके तौर-तरीकों को लेकर खुलकर बात की है। आमिर खान गौरी संग बेहद सादगी से शादी रचाने वाले हैं। शादी में चंद रिश्तेदारों के अलावा करीबी दोस्त ही शामिल होंगे।
ग्रैंड सेलिब्रेशन नहीं, घर पर होगी साधारण ‘रजिस्टर्ड मैरिज’
आमतौर पर जहां बॉलीवुड सितारों की शादियां आलीशान डेस्टिनेशंस, महंगे लहंगों और भारी-भरकम भीड़ के लिए जानी जाती हैं, वहीं आमिर खान ने इसके उलट एक बेहद शांत और सादगी भरा रास्ता चुना है। वैराइटी इंडिया और डेक्कन क्रॉनिकल को दिए इंटरव्यू में आमिर खान ने अपनी शादी के प्लान्स साझा करते हुए कहा, यह पूरी तरह से एक प्राइवेट फंक्शन होगा।
आमिर ने कहा, हम घर पर ही एक बहुत ही सिंपल रजिस्टर्ड मैरिज करने जा रहे हैं। इसमें केवल दोनों तरफ के परिवार के लोग और हमारे कुछ बेहद करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। हम दोनों ही इस पूरे आयोजन को बेहद बेसिक और साधारण रखना चाहते हैं।