‘लव एंड वॉर’ के सेट पर दर्दनाक हादसा, करंट लगने से तकनीशियन की मौत, FWICE ने 50 लाख मुआवजे की उठाई मांग

saptranghindustan   |   June 24, 2026   |   1 min read
बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक संजय लीला भंसाली इन दिनों अपनी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग में बिजी चल रहे हैं। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल जैसे बड़े सितारों से सजी इस फिल्म को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह है। लेकिन इसी बीच फिल्म के शूटिंग सेट पर एक दुखद हादसा हो गया है।
मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में ‘लव एंड वॉर’ के सेट पर हुए एक दर्दनाक हादसे में एक तकनीशियन की जान चली गई है, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद बॉलीवुड में बैकस्टेज काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा और वर्किंग कंडीशन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
शॉर्ट सर्किट बना मौत का कारण
यह दुखद घटना 17 जून के तड़के रॉयल पंप स्टूडियो में घटित हुई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव के रूप में हुई है, जो ‘फिल्म स्टूडियो सेटिंग एंड अलाइड मजदूर यूनियन’ के सक्रिय सदस्य थे। जब यह हादसा हुआ, तब सेट के निर्माण कार्य के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया।
चंद्रधारी को बिजली का इतना भीषण झटका लगा कि उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त फिल्म की मुख्य अभिनेत्री आलिया भट्ट भी सेट पर शूटिंग के लिए मौजूद थीं।
Advertisement
Advertisement

Share with